आज अगर आप घर पर Wi-Fi लगवाने का सोचें, तो बाजार में आपको दो ऑप्शन मिलते हैं, फाइबर और केबल ब्रॉडबैंड। इसमें फाइबर कनेक्शन को हाई-स्पीड इंटरनेट और बेजोड़ स्टेबिलिटी के लिए जाना जाता है। वहीं केबल ब्रॉडबैंड अपनी व्यापक पहुंच और भरोसेमंद स्पीड की वजह से आज भी काफी पॉपुलर है। ऐसे में सवाल उठता है कि आपको घर में कौन सा ब्रॉडबैंड कनेक्शन लगवाना चाहिए? इसके लिए आपको अपनी जरूरत और इन दोनों कनेक्शन के फर्क को समझना होगा।
फाइबर और केबल ब्रॉडबैंड में सबसे बड़ा फर्क तकनीक का है। जहां फाइबर-ऑप्टिक तकनीक में डेटा कांच के बेहद महीन धागों के जरिए रोशनी की रफ्तार से आगे बढ़ता है।
वहीं केबल ब्रॉडबैंड में कोएक्सियल केबल का इस्तेमाल होता है। इसमें तांबे के तार के जरिए बिजली के संकेतों से डेटा ट्रांसफर होता है।
दोनों तकनीकों में केबल ब्रॉडबैंड पुराने टीवी नेटवर्क को इस्तेमाल करता है इसलिए इसमें नमी या खराब मौसम में सिग्नल कमजोर हो सकता है।
इसके उलट फाइबर में कांच और प्लास्टिक की कोटिंग होने की वजह से बाहर के मौसम का फर्क नेटवर्क या इंटरनेट स्पीड पर नहीं पड़ता।
Engadget की रिपोर्ट के अनुसार, फाइबर कनेक्शन की सबसे बड़ी खासियत है कि इसमें आपको सिमेट्रिकल स्पीड मिलती है। इसका मतलब है कि जितनी आपको अपलोड स्पीड मिलती है, उतनी ही डाउनलोड स्पीड भी मिल जाती है। इसका फायदा उनको मिलता है, जो भारी फाइलें अपलोड करते हैं।
वहीं केबल ब्रॉडबैंड में बैंडविड्थ दूसरे यूजर्स के साथ बंट जाती है। इसे आप यूं समझ सकते हैं कि शाम के समय में जब ज्यादा लोग काम से फ्री होकर इंटरनेट इस्तेमाल कर रहे होते हैं, तो आपका इंटरनेट स्पीड कम मिल सकती है। फाइबर ब्रॉडबैंड में ऐसी समस्या नहीं होती।
खर्चे की बात करें, तो ऐसा जरूरी नहीं है कि फाइबर कनेक्शन हमेशा महंगा हो। कई प्राइवेट प्लेयर्स केबल कनेक्शन के दाम में 1 Gbps तक की स्पीड भी उपलब्ध करा देते हैं।
वहीं केबल ब्रॉडबैंड में मॉडेम और राउटर की जरूरत पड़ती है, जो कि किराये पर मिलता है या आप अलग से भी खरीद सकते हैं।
फाइबर कनेक्शन में मॉडेम की जगह ओएनटी यानी कि ऑप्टिकल नेटवर्क टर्मिनल का इस्तेमाल होता है। यह ज्यादातर कंपनियां प्लान के साथ फ्री उपलब्ध कराती हैं।
वहीं केबल ब्रॉडबैंड के साथ टीवी और लैंडलाइन के सस्ते बंडल भी मिल जाते हैं। हालांकि कुछ फाइबर इंटरनेट प्रोवाइडर्स भी स्ट्रीमिंग आधारित टीवी और OTT बंडल उपलब्ध कराने लगे हैं।
अगर आप ऐसा कनेक्शन चाहते हैं, जो न सिर्फ हाई डाउनलोड स्पीड दे बल्कि अपलोड स्पीड भी उतनी ही तेज दे, तो आपको फाइबर कनेक्शन लेना चाहिए।
अगर आप गेमिंग, वीडियो कॉलिंग या वर्क फ्रॉम होम जैसे कामों के लिए Wi-Fi लगवा रहे हैं, तो फाइबर कनेक्शन लगवाएं। इसमें मौसम की खराबी या पीक आवर्स में स्पीड कम होने का झंझट नहीं रहता।
अगर आपके इलाके में फाइबर नहीं है या आपका काम सिर्फ वेब ब्राउजिंग, सोशल मीडिया और ऑनलाइन वीडियो स्ट्रीमिंग तक सीमित है तो आप केबल ब्रॉडबैंड भी ले सकते हैं।
अगर आपको टीवी केबल के साथ कॉम्बो प्लान की जरूरत हो, तो भी आप केबल ब्रॉडबैंड ले सकते हैं।
आसानी से ऐसे समझें कि बिना किसी रुकावट के बेहतरीन परफॉर्मेंस के लिए पहली पसंद फाइबर होनी चाहिए, जबकि बजट और उपलब्धता को देखते हुए केबल कनेक्शन भी चुना जा सकता है।