दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को गुरुवार को राजौरी गार्डन स्थित अपने ऑफिस में पेश होने के लिए समन भेजा है।
कल दोनों नेताओं को दिल्ली की स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट से जमानत मिली थी। दोनों को 50-50 हजार रुपए के बॉन्ड पर रिहा किया गया। दिल्ली पुलिस ने 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान दोनों को हिरासत में लिया था।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सौरव और आशुतोष उनसे बेहतर और बड़े नेता हैं। अगर वे कुछ कहेंगे तो मैं उनकी बात मानूंगा।
सौरव-आशुतोष जंतर-मंतर पर पकड़े गए थे
सरकार ने 12 अक्टूबर को जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की लिस्ट से हटा दिया था। इसके बावजूद 13 अक्टूबर को आशुतोष और सौरव तिरंगा लेकर वहां पहुंच गए। शांति नियम तोड़ने के आरोप में उन्हें 5 दिन के लिए जेल भेजा गया था।
फिर 19 अक्टूबर को उनकी हिरासत 2 दिन और बढ़ा दी गई थी। इससे पहले बुधवार को ही दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले में दखल देने से मना कर दिया। कोर्ट ने कहा था कि नेता पहले मजिस्ट्रेट का फैसला आने दें। जरूरत पड़ने पर ऊपरी अदालत का दरवाजा खटखटाएं।
सौरव-आशुतोष के खिलाफ दोनों केस क्राइम ब्रांच ट्रांसफर
दिल्ली पुलिस ने बुधवार को आशुतोष रांका और सौरव दास के खिलाफ जंतर-मंतर पर बिना अनुमति जाने के मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी।
13 अक्टूबर को दोनों नेताओं के कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर जाने के बाद दो मामले दर्ज किए गए थे। कनॉट प्लेस वाला मामला 20 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच को सौंपा गया था। अब जंतर-मंतर वाले मामले की जांच भी क्राइम ब्रांच करेगी।
कल पीपल अगेंस्ट SIR गठबंधन का प्रदर्शन
पीपल अगेंस्ट SIR गठबंधन 23 अक्टूबर को देशभर में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के खिलाफ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करेगा। इनमें अर्थशास्त्री परकला प्रभाकर, अभिनेता प्रकाश राज और अभिजीत दीपके शामिल होंगे।
यह प्रदर्शन पिछले हफ्ते पीपल अगेंस्ट SIR गठबंधन के गठन के बाद आयोजित किया जा रहा है। दिल्ली में हुई एक आपात बैठक में 200 से ज्यादा संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था।
SIR के विरोध को एकजुट करने के लिए यह मंच बनाया गया है। इसमें नागरिकों, किसान यूनियनों, मजदूर संगठनों और महिला व युवा संगठनों को शामिल किया गया है। आयोजकों ने लोगों से अपने-अपने इलाकों में मार्च और प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।
INDIA ब्लॉक की आज शाम ऑनलाइन बैठक
INDIA ब्लॉक के नेता आज शाम ऑनलाइन बैठक करेंगे। इसमें वोट चोरी के खिलाफ प्रदर्शन और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।
विपक्षी गठबंधन की 5 मांगें
CEC इस्तीफा दें- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेंद्र कुमार से इस्तीफा दें। उन्होंने मतदाता सूची में कथित दखल की जांच में सहयोग करने की भी बात कही।
मतदाता सूची में पारदर्शिता- वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने, हटाने और सुधार की पूरी जानकारी बूथ और विधानसभा स्तर पर सार्वजनिक होनी चाहिए। किसी वैध मतदाता का नाम हटाने से पहले नोटिस और अपील का मौका मिलना चाहिए।
SIR और वोटर के नाम हटाने पर सवाल- SIR से बड़ी संख्या में वोटर लिस्ट से बाहर हो सकते हैं। भविष्य के चुनावों में SIR से पहले की मतदाता सूची इस्तेमाल की जाए।
EVM की जगह बैलट पेपर से चुनाव हो- EVM की जगह चुनाव में फिर से बैलट पेपर इस्तेमाल हो। पहली बार वोट देने वालों के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आसान हो।
विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील- INDIA गठबंधन के दल चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और संस्थागत जवाबदेही के मुद्दे पर एकजुट रहें। लोकतंत्र में अंतिम अधिकार जनता का होना चाहिए।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) चीफ अभिजीत दीपके ने मंगलवार को वीडियो मैसेज जारी किया। उन्होंने कहा कि भारत में हो रहे प्रदर्शनों की तुलना नेपाल और बांग्लादेश के सत्ता बदलाव वाले हिंसक प्रदर्शन से करना ठीक नहीं।