
नई दिल्ली । वैश्विक बाजारों में मांग बढ़ने और आयातित तेलों का भाव में बढ़ोतरी होने से बीते सप्ताह देशभर के तेल-तिलहन बाजारों में सरसों, सोयाबीन, मूंगफली, सीपीओ सहित लगभग सभी तेल-तिलहनों के भाव सुधार के साथ बंद हुए। बाजार सूत्रों ने कहा कि भारत अपनी खाद्य तेल जरूरतों का लगभग 60 प्रतिशत आयात करता है।
यूक्रेन और रूस के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच पिछले लगभग डेढ़ महीने से मंडियों में सूरजमुखी तेल की आवक नहीं हो रही है। जो सूरजमुखी तेल थोड़ी बहुत मात्रा में आ भी रहा है, उसे अर्जेंटीना से आयात किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि सूरजमुखी तेल की वैश्विक आवश्यकता के लगभग 80 प्रतिशत भाग की आपूर्ति यूक्रेन और रूस करते हैं। इन दोनों देशों के बीच छिड़े युद्ध के लंबा खिंचने से सूरजमुखी की अगली बिजाई प्रभावित होने की आशंका है।
आयातित तेल के मुकाबले देशी तेल सस्ता होने की वजह से मांग बढ़ने के कारण भी तेल-तिलहनों के भाव में सुधार आया। अर्जेंटीना में सूरजमुखी तेल का दाम बढ़कर 2,300 डॉलर प्रति टन हो गया है जिसका रिफाइंड तेल देश में लगभग 200 रुपए किलो पड़ता है। इस भाव के मुकाबले मूंगफली का तेल लगभग 40 रुपए किलो सस्ता है। इसलिए सूरजमुखी के विकल्प के रूप में मूंगफली के साथ-साथ सरसों की भी खपत बढ़ी है। यह सरसों और मूंगफली तेल-तिलहन कीमतों में सुधार का मुख्य कारण है।
जानकारी के मुताबिक मांग बढ़ने से अपने पिछले सप्ताहांत के मुकाबले बीते सप्ताह सरसों दाने का भाव 225 रुपए के सुधार के साथ 7,725-7,750 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। सरसों दादरी तेल 1,075 रुपए सुधरकर 16,300 रुपये क्विंटल पर बंद हुआ।
सरसों पक्की घानी और कच्ची घानी तेल की कीमतें भी पर्याप्त सुधार के साथ बंद हुईं। विदेशी बाजारों में तेजी के बीच सोयाबीन दाने और सोयाबीन लूज के भाव क्रमश: 275-275 रुपए के सुधार के साथ क्रमश: 7,775-7,825 रुपए और 7,475-7,575 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुए। समीक्षाधीन सप्ताह में सोयाबीन तेल कीमतों में भी सुधार रहा। सोयाबीन दिल्ली, इंदौर और सोयाबीन डीगम के भाव क्रमश: 750 रुपए, 810 रुपए और 520 रुपए का सुधार दर्शाते क्रमश: 17,150 रुपए, 16,810 रुपए और 15,720 रुपए प्रति क्विंटल पर बंद हुए।
समीक्षाधीन सप्ताह में मूंगफली दाने का भाव 425 रुपए के सुधार के साथ 6,850-6,945 रुपए प्रति क्विंटल पर बंद हुआ, जबकि मूंगफली तेल गुजरात और मूंगफली सॉल्वेंट के भाव क्रमश: 1,220 रुपए और 175 रुपये सुधरकर क्रमश: 16,020 रुपए प्रति क्विंटल और 2,645-2,835 रुपए प्रति टिन पर बंद हुए। समीक्षाधीन सप्ताहांत में कच्चे पाम तेल (सीपीओ) का भाव 1,050 रुपए बढ़कर 15,150 रुपए क्विंटल पर बंद हुआ। पामोलीन दिल्ली का भाव भी 600 रुपए के सुधार के साथ 16,700 रुपए और पामोलीन कांडला का भाव 650 रुपए के सुधार के साथ 15,450 रुपए प्रति क्विंटल पर बंद हुआ। बिनौला तेल का भाव भी 550 रुपए के सुधार के साथ 15,350 रुपए प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।