
नई दिल्ली । बीते सप्ताह विदेशी बाजारों में गिरावट की वजह से देशभर के तेल-तिलहन बाजारों में सरसों, सोयाबीन, मूंगफली, सीपीओ सहित लगभग सभी तेल-तिलहनों के भाव नुकसान के साथ बंद हुए। बाजार सूत्रों ने कहा कि बीते सप्ताह विदेशी कारोबार में मंदी का रुख था और आयातित तेलों के दाम आसमान छू रहे हैं।
इनके मुकाबले देशी तेल सस्ते हैं। सोयाबीन डीगम और सीपीओ एवं पामोलीन के महंगा होने के साथ इन तेलों के लिवाल कम हैं। आयातित तेल महंगा होने के बाद इनकी जगह उपभोक्ता सरसों, मूंगफली, बिनौला की अधिक खपत कर रहे हैं। नई फसल की मंडियों में आवक भी बढ़ी है। इन तथ्यों के मद्देनजर विदेशों में गिरावट का असर स्थानीय तेल तिलहन कीमतों पर भी दिखा और समीक्षाधीन सप्ताहांत में तेल-तिलहनों के भाव नुकसान के साथ बंद हुए।
सूत्रों ने कहा कि संभवत: होली के कारण पिछले दो-तीन दिन से मंडियों में सरसों की आवक घटकर 6-6.5 लाख बोरी रह गई जो इससे कुछ दिन पहले ही लगभग 15-16 लाख बोरी के बीच हो रही थी। उन्होंने कहा कि सोमवार को मंडियों के खुलने के बाद आगे के रुख का पता लगेगा।
जानकारी के मुताबिक विदेशी बाजारों में मंदी और स्थानीय आवक बढ़ने के कारण अपने पिछले सप्ताहांत के मुकाबले बीते सप्ताह सरसों दाने का भाव 200 रुपए घटकर 7,500-7,550 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। सरसों दादरी तेल 1,000 रुपए घटकर 15,300 रुपए क्विंटल पर बंद हुआ।
सरसों पक्की घानी और कच्ची घानी तेल की कीमतें भी क्रमश: 100 रुपए और 75 रुपए के नुकसान के साथ क्रमश: 2,425-2,500 रुपए और 2,475-2,575 रुपए टिन (15 किलो) पर बंद हुईं। बीते सप्ताह विदेशी बाजारों में मंदी के बीच सोयाबीन दाने और सोयाबीन लूज के भाव क्रमश: 350-350 रुपए की गिरावट के साथ क्रमश: 7,425-7,475 रुपए और 7,125-7,225 रुपए प्रति क्विंटल पर बंद हुए।
समीक्षाधीन सप्ताह में सोयाबीन तेल कीमतों में भी गिरावट आई। सोयाबीन दिल्ली, इंदौर और सोयाबीन डीगम के भाव क्रमश: 650 रुपए, 810 रुपए और 720 रुपए की हानि के साथ 16,500 रुपये, 16,000 रुपए और 15,000 रुपए प्रति क्विंटल पर बंद हुए।
मूंगफली दाने का भाव 150 रुपए घटकर 6,700-6,795 रुपए प्रति क्विंटल पर बंद हुआ, जबकि मूंगफली तेल गुजरात और मूंगफली सॉल्वेंट के भाव क्रमश: 420 रुपए और 65 रुपए घटकर क्रमश: 15,600 रुपए प्रति क्विंटल और 2,580-2,770 रुपए प्रति टिन पर बंद हुए।
कच्चे पाम तेल (सीपीओ) का भाव भी 50 रुपए घटकर 14,600 रुपए क्विंटल पर बंद हुआ। पामोलीन दिल्ली का भाव भी 850 रुपए की हानि के साथ 15,850 रुपए और पामोलीन कांडला का भाव 900 रुपए की गिरावट के साथ 14,550 रुपए प्रति क्विंटल पर बंद हुआ। समीक्षाधीन सप्ताह में बिनौला तेल का भाव भी 350 रुपए की हानि के साथ 15,000 रुपए प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।