
नई दिल्ली । देश की प्रमुख बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम को प्रारंभिक शेयर बिक्री (आईपीओ) के जरिए फंड जुटाने के लिए पूंजी बाजार नियामक सेबी की मंजूरी मिल गई है। सेबी के पास दायर ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस के मुताबिक, सरकार एलआईसी के 31 करोड़ से अधिक इक्विटी शेयर बेचेगी।
आईपीओ का एक हिस्सा एंकर निवेशकों के लिए आरक्षित होगा। साथ ही, एलआईसी आईपीओ इश्यू साइज का 10 फीसदी तक पॉलिसीधारकों के लिए आरक्षित होगा। सरकार चालू वित्त वर्ष में 78,000 करोड़ रुपए के विनिवेश लक्ष्य को पूरा करने के लिए जीवन बीमा फर्म में 5 फीसदी हिस्सेदारी बेचकर 63,000 करोड़ रुपए जुटाने की उम्मीद कर रही थी।
बता दें कि एलआईसी की तरफ से 13 फरवरी को सेबी के सामने डीआरएचपी यानी आईपीओ प्रस्ताव जमा किया गया था। आईपीओ भारत सरकार द्वारा ऑफर फॉर सेल है और एलआईसी द्वारा शेयरों का कोई नया निर्गम नहीं है। एलआईसी में सरकार की 100 फीसदी हिस्सेदारी या 632.49 करोड़ से अधिक शेयर हैं। शेयरों का अंकित मूल्य 10 रुपए प्रति शेयर है।