भोपाल के सीटीओ बैरागढ़ में रहने वाले एक युवक ने शुक्रवार की रात घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि आखिरी बार उसने घर लौटकर पत्नी से बात की थी।
बताया था कि भांग पी रखी है, नशा हो रहा है। पत्नी ने उसे नहाने के बाद आराम करने की सलाह दी थी। युवक की एक साल पहले शादी हुई थी। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
ईश्वर मालवीय (24) विक्रम सिंह मालवीय सीटीओ बैरागढ़ में रहता था। जीओ में इंजीनियर बताया जा रहा है। मूल रूप से राजगढ़ के भीलवाड़िया का रहने वाला था। तीन साल से भोपाल में रह रहा था। शुक्रवार की रात को उसने घर में फांसी लगा ली थी। एक साल पहले पत्नी रुकमा से उसका विवाह हुआ था।
होली मनाने के बाद घर में लौटा था। पत्नी को बताया था कि मैं भांग पीकर आया हूं। इसी बीच पत्नी काम में लग गई। युवक अपने कमरे में गया और उसने फांसी लगा ली। फांसी क्यों लगाई, इस बात का खुलासा नहीं हो सका है।
दादा बोले नशे में उठाया कदम
मृतक के दादा मांगीलाल ने बताया कि पोता भांग के नशे में घर लौटा था। उसने कभी कोई परेशानी का जिक्र नहीं किया था। नशे की हालत में उसने सुसाइड किया है। पत्नी से उसका कोई विवाद भी नहीं हुआ था। जब पोते ने फांसी लगाई, उसकी पत्नी फ्रेश होने गई थी। चंद मिनटों बाद उसने देखा तो पति फांसी लगा चुका था। एक साल पहले हमने उसकी अरेंज मैरिज कराई थी।