पूर्व-बस ड्राइवर के घर 28 करोड़ कैश, 15kg सोना मिला

Updated on 30-07-2026 02:07 PM
कोलकाता, पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने बुधवार रात एक छापेमारी में ₹28.5 करोड़ से ज्यादा कैश और 15 किलो सोना बरामद किया। सोने की कीमत करीब ₹21.5 करोड़ आंकी गई है। इस तरह कुल बरामदगी करीब ₹50 करोड़ की है। नोटों का ढेर इतना बड़ा था कि उन्हें गिनते-गिनते 5 करेंसी काउंटिंग मशीनें खराब हो गईं।

पुलिस ने आरोपी मिनार मंडल को गिरफ्तार किया है। वह पहले राज्य परिवहन विभाग में बस ड्राइवर था और बाद में स्टोन कारोबार से जुड़ गया। आरोपी फरार पत्थर कारोबारी तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का मैनेजर और साला है। तुलु मंडल वही शख्स है, जिसने 2024 में अपनी बेटी की करीब ₹100 करोड़ की आलीशान शादी कराई थी।

तुलु मंडल को पूर्व TMC नेता अनुब्रत मंडल का करीबी माना जाता है। अनुब्रत जून में TMC के बागी ऋतब्रत बनर्जी गुट में शामिल हो गए थे। बंगाल के मुंख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने सराहनीय काम किया है। उन्होंने छापेमारी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर कीं।

पहले ₹20 करोड़ कैश मिला, फिर रकम बढ़कर ₹28 करोड़ हुई

पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार रात मिनार मंडल के घर पर छापेमारी शुरू की थी। पहले ₹20 करोड़ कैश मिला था। पूरी रात चली गिनती के बाद बरामद रकम बढ़कर ₹28.5 करोड़ हो गई। कैश को लोहे के बक्सों में भरकर मोहम्मद बाजार थाने ले जाया गया, जहां से इसे बैंक में जमा कराया जाएगा।

पुलिस ने घर से 1-1 किलो के 14 गोल्ड बार और 100-100 ग्राम के 10 गोल्ड बिस्किट भी बरामद किए। इनकी कुल कीमत करीब ₹21.5 करोड़ बताई गई है। गिरफ्तारी के बाद मिनार मंडल ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि कैश और सोना तुलु मंडल का है।

अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि करोड़ों रुपए की नकदी और सोना कहां से आया और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

तुलु मंडल पर टैक्स वसूली में करोड़ों की गड़बड़ी का आरोप

पुलिस को शक है कि बरामद नकदी पत्थर खदानों से वसूले गए सरकारी राजस्व का हिस्सा है, जिसे सरकारी खजाने में जमा कराने के बजाय हड़प लिया गया। 2016-17 के आसपास तुलु मंडल ने बीरभूम की स्टोन क्वारियों में DCR (District Collection Rate) वसूली का काम संभाला था।

आरोप है कि सरकारी टैक्स की वसूली में करोड़ों रुपए की गड़बड़ी हुई। BJP का दावा है कि पहले सरकार के खाते में रोज सिर्फ ₹20-30 लाख जमा होते थे। अब ₹83 करोड़ प्रति महीने मिलते हैं।

तुलु मंडल पहले भी जांच एजेंसियों के रडार पर रह चुका है। 2022 में कैटल स्मगलिंग केस में CBI ने उसके ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसके बाद ED ने भी उसे पूछताछ के लिए दिल्ली तलब किया था। हालांकि, इन आरोपों पर अब तक कोई अंतिम न्यायिक फैसला नहीं आया है।

CM बोले- जनता की संपत्ति लूटने वालों को बख्शा नहीं जाएगा

बंगाल के CM शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति जारी रहेगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे रेत माफिया और अवैध सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताया।

उन्होंने लिखा कि मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर रेत माफिया तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन के ठिकाने पर छापा मारा गया। यहां से करोड़ों रुपए नकद और 15 किलो सोना बरामद हुआ। उन्होंने कहा कि जनता की संपत्ति लूटने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। माफिया सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

TMC के दोनों गुट एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे

इतनी बड़ी बरामदगी के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर भी सियासी घमासान शुरू हो गया है। पार्टी के दोनों गुट एक-दूसरे पर आरोपी से संबंध होने के आरोप लगा रहे हैं।

TMC विधायक कुणाल घोष ने कहा कि जिन लोगों के घर से पैसा मिला है, वे कुछ ऐसे नेताओं के करीबी बताए जा रहे हैं जो खुद को ‘अच्छी TMC’ बताते हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़े तो उन नेताओं से भी पूछताछ की जानी चाहिए।

TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने अनुब्रत मंडल का नाम लिए बिना कहा- बीरभूम लंबे समय तक एक पूर्व TMC मंत्री और ‘बीरभूम के टाइगर’ का गढ़ माना जाता था। अब मुख्यमंत्री को जांच कर यह पता लगाना चाहिए कि आरोपियों के उन प्रभावशाली नेताओं से क्या संबंध थे।

वहीं, ऋतब्रत गुट के समर्थक और TMC विधायक प्रसून बनर्जी ने कहा कि इतनी बड़ी बरामदगी के लिए पुलिस की सराहना होनी चाहिए। साथ ही यह भी जांच होनी चाहिए कि यह पैसा किसका है और इसमें कौन-कौन शामिल है।

तुलु मंडल की बेटी की ₹100 करोड़ की शादी चर्चा में रही

इस कार्रवाई के बाद 2024 में तुलु मंडल की बेटी की आलीशान शादी फिर चर्चा में आ गई है। सूत्रों के मुताबिक, इस शादी पर करीब ₹100 करोड़ खर्च किए गए थे। शादी में बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ बॉलीवुड एक्टर अरबाज खान और एक्ट्रेस जरीन खान भी शामिल हुई थीं।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 30 July 2026
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने साफ किया है कि राज्य के स्कूलों में बच्चों को अंडा दिया जाएगा। बंगाल में पूरी तरह शाकाहारी मेन्यू को लेकर चल…
 30 July 2026
ग्वालियर: मध्य प्रदेश में ऑक्सीटोसिन के अवैध इस्तेमाल और बिक्री को रोकने के लिए 13 साल पहले दिए गए निर्देशों पर अमल न होने का मामला अब तूल पकड़ चुका…
 30 July 2026
शिवसागर: असम के शिवसागर जिले में दिखो नदी का रौद्र रूप देखने के मिला है। इस नदी में आई विनाशकारी बाढ़ ने एक पूरे गांव को महज एक घंटे के…
 30 July 2026
नई दिल्ली/पटना: सुप्रीम कोर्ट में आज गुरुवार को बिहार के मंत्री दीपक प्रकाश से जुड़ी एक याचिका पर सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार से सवाल…
 30 July 2026
नई दिल्ली, केंद्र सरकार ने बुधवार को पहली बार माना कि ई-20 पेट्रोल (20% एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) इस्तेमाल करने से गाड़ियों को नुकसान पहुंच सकता है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं…
 30 July 2026
नई दिल्ली, सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को दिल्ली सरकार को आदेश दिया कि 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च में घायल प्रदर्शनकारियों का इलाज कराया जाए।सीजेआई सूर्यकांत,…
 28 July 2026
दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के आंदोलन में हजारों लोग पहुंचे, कहीं किसी ने डिजिटल क्रांति से आंदोलन का रुख मोड़ा तो किसी ने भूखे रहकर लेकिन उन्हीं के बीच…
 28 July 2026
नई दिल्ली: भारत में फॉरेन कंट्रीब्यूशन रेगुलेशन एक्ट (FCRA) उन कानूनों में से एक है जो हर कुछ सालों में चर्चा का विषय बन जाता है। लेकिन क्यों? इस कानून…
 28 July 2026
नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी का एक वीडियो कुछ समय के लिए फेसबुक पर भारत में दिखाई देना बंद हो गया था, जिसके बाद इस पर सोशल मीडिया और राजनीतिक…
Advt.