भोपाल में होली पर हादसा: रंग डाला तो पिकअप चालक ने युवक को कुचला, 200 मीटर तक घसीटता गया
Updated on
16-03-2025 12:47 PM
भोपाल। रंग डालने पर पिकअप वाहन के चालक ने युवक को कुचल दिया। युवक पिकअप वाहन के अगले पहिए और बंफर के बीच फंसकर 200 मीटर तक उसको घसीटता चला गया। घटना भोपाल शहर के अशोका गार्डन क्षेत्र की सुभाष कालोनी में शुक्रवार को अंजाम दी गई। पिकअप चालक फरार हो गया। मृतक 27 वर्षीय शैलेंद्र सिंह इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में काम करता था।- होली पर शुक्रवार को दोपहर 3.30 बजे शैलेंद्र दोस्तों के साथ सड़क पर होली खेल रहा था। वे लोग आने-जाने वालों पर भी रंग बरसा रहे थे।
- इसी बीच एक पिकअप चालक गली में आया तो उस पर भी रंग फेंका, चालक ने पहले गाड़ी को रिवर्स कर बचने का प्रयास किया।
- इस पर शैलेंद्र और उसके दोस्तों ने उसको दौड़ाना शुरू कर दिया। उसके बाद पिकअप चालक ने तेजी से गाड़ी आगे की तरफ बढ़ाई, इसी दौरान शैलेंद्र आगे दाहिनी ओर के पहिए में फंस गया।
- पिकअप चालक ने उसे गली के कोने तक घसीटा, वह किसी तरह पहिए की गिरफ्त से निकला तो दोस्तों ने उसे अरेरा कालोनी स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया।
- सिर में गहरी चोट लगने के कारण शुक्रवार को ही शाम करीब सात बजे उसकी मौत हो गई।
- अशोका गार्डन थाने के एएसआइ जयवीर सिंह ने बताया कि पिकअप चालक के खिलाफ हिट एंड रन का मामला दर्ज किया गया है।