नई दिल्ली: त्योहारी सीजन के बीच महंगाई में काफी बढ़ोतरी हुई है। अमूल, मदर डेयरी और नंदिनी समेत कई दुग्ध कंपनियों ने हाल में दूध की कीमत में बढ़ोतरी की है। सभी कंपनियों ने इनपुट कॉस्ट बढ़ने का हवाला दिया है। साथ ही सर्दियों के पीक सीजन में अंडे और चिकन की कीमत भी रिकॉर्ड पर पहुंचने का अनुमान है। इतना ही नहीं आने वाले दिनों में खाने-पीने की चीजों के और महंगा होने की आशंका है। इन सबके पीछे एक ही वजह है। इथेनॉल बनाने के लिए मक्के का डाइवर्जन।
एनीमल फीड यानी पशु आहार में मक्के का सबसे ज्यादा यूज होता है। साथ ही प्रोसेस्ड फूड और पेपर इंडस्ट्रीज के लिए स्टार्च प्रोडक्शन में भी इसका इस्तेमाल होता है। मुर्गियों के दाने में मक्के की 60 फीसदी हिस्सेदारी होती है जबकि स्टार्च इंडस्ट्री के लिए यह प्रमुख कच्चा माल है। देश में खरीफ सीजन में मक्के के उत्पादन में 15 फीसदी गिरावट का अनुमान है। इस बीच इथेनॉल बनाने के लिए मक्के का यूज बढ़ सकता है क्योंकि सरकार ने गन्ने के यूज पर रोक लगा दी है और चावल का यूज सीमित कर दिया है।
मक्के की कीमत
मक्के की कीमत पिछले साल की तुलना में दोगुनी हो चुकी है। पिछले साल मक्के की कीमत करीब 18 रुपये किलो थी जो अब 34 रुपये हो चुकी है। ईटी की एक रिपोर्ट के मुताबिक एक महीने पहले मक्के की कीमत 26-27 रुपये किलो थी। जानकारों का कहना है कि दिसंबर तक मक्के की कीमत 40 रुपये किलो तक जा सकती है। इस बीच ई20 के लिए ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के ताजा इथेनॉल टेंडर में मक्के को प्राइमरी इंग्रेडिएंट्स बनाया है।
मक्के में बहुत ज्यादा स्टार्च और लो फाइबर होता है। इसमें प्रोटीन की कमी होती है और अक्सर इसमें सोयाबीन मील या खल मिलाकर एनीमल फीड बनाया जाता है। पोल्ट्री के अलावा सुअर, गाय, भैंस, बकरी और भेड़ पालने वाले भी इसका यूज करते हैं। माना जा रहा है कि इथेनॉल बनाने के लिए ज्यादा मक्के के इस्तेमाल से एनीमल फीड महंगा हो सकता है। इससे खाद्य महंगाई में इजाफा होगा।
इथेनॉल का खेल
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 2026-27 के लिए 11 अरब लीटर इथेनॉल खरीदने के लिए टेंडर निकाला है जबकि इथेनॉल बनाने वाली कंपनियों ने 19.35 अरब लीटर की पेशकश की है। टेंडर में 59 फीसदी मक्के से बने इथेनॉल की पेशकश की गई है जो पिछले साल के मुकाबले 37 फीसदी ज्यादा है। यह स्थिति तब है जबकि सरकार ने मक्का आधारित इथेनॉल की कीमत में 3 रुपये की कटौती की है।
सूखे के कारण गन्ने का उत्पादन प्रभावित होने से सरकार ने इथेनॉल बनाने में गन्ने के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। ईटी की एक रिपोर्ट के मुताबिक इथेनॉल इंडस्ट्री के एक वर्ग का मानना है कि मक्के के ऑफर में बढ़ोतरी इस बात का प्रमाण है कि फीड स्टॉक की कोई कमी नहीं है। 2025-26 में इथेनॉल में अनाज की हिस्सेदारी 72 फीसदी और शुगर की 28 फीसदी थी। सरकार ने इथेनॉल के लिए चावल की मात्रा पर सीमा लगा रखी है। यानी इथेनॉल बनाने के लिए मक्के और टूटे अनाज का यूज बढ़ना तय है।