दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट इस समय ग्लोबल आउटेज का सामना कर रही है। इससे दुनियाभर के लाखों लोगों का कामकाज बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। दरअसल तकनीकी खराबी की वजह से कंपनी की सेवाएं ठप पड़ गई हैं। इसकी वजह से Teams, Outlook, OneDrive और AI टूल Copilot ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। इसकी वजह से कारोबार, ईमेल और ऑफिस कम्युनिकेशन ठप सा पड़ गया है और माइक्रोसॉफ्ट को भी सेवाएं बहाल करने में परेशानी आ रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक अकेले आउटलुक को लेकर दुनियाभर में 1,40,000 शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। कंपनी की ओर से परेशानी ठीक होने की कोई टाइमलाइन साफ नहीं की गई है।
सर्विस बहाल करने में समस्या
रिपोर्ट्स के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट की टेक्निकल टीम को तमाम प्रोडक्ट्स को वापस ऑनलाइन लाने के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अभी तक कंपनी की ओर से जो सुधार किए गए हैं, उनका मन मुताबिक नतीजा नहीं मिल पाया है।
माइक्रोसॉफ्ट की ओर से खुद साफ किया गया है कि सर्विस को वापस चालू करने के लिए किए गए सुधार वैसा असर नहीं दिखा पाए हैं, जैसी कि उनसे अपेक्षा थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक माइक्रोसॉफ्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट में असंतुलन की समस्या को सुलझाने में लगा है।
अब कंपनी बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर की क्षमता को बढ़ाने पर विचार कर रही है।
क्षमता की कमी दूर करने के लिए नए रास्तों की तलाश
कंपनी का कहना है कि रिकवरी की प्रक्रिया अभी भी मुश्किल बनी हुई है और सिस्टम की क्षमता की कमी को सुधारने के लिए दूसे उपाय तलाशे जा रहे हैं।
जिन इलाकों में सर्विस धीरे-धीरे बहाल हो रही है, वहां ट्रैफिक को बेहतर तरह से संभालने के लिए बुनियादी ढांचे में सुधार किए जा रहे हैं।
माइक्रोसोफ्ट का साफ कहना है कि अभी तक किए गए बदलावों के स्थिर होने की पुष्टिके बाद ही सुधार से जुड़े अगले कदम उठाए जाएंगे।
लाखों यूजर्स परेशान
माइक्रोसॉफ्ट की तकनीकी रुकावट का असर माइक्रोसॉफ्ट 365 की जरूरी सेवाओं पर पड़ रहा है। यूजर्स का कहना है कि वे काम के टूल्स तक पहुंच नहीं बना पा रहे हैं आउटेज ट्रैक करने वाले प्लेटफॉर्म डाउनडिटेक्टर के मुताबिक गुरुवार शाम 6 बजे आउटलुक की समस्या की रिपोर्ट दुनिया भर में लगभग 1,40,000 के उच्च स्तर पर पहुंच गई थी।
इस समस्या से उन कंपनियां और संस्थानों को बड़ी समस्या हुई है, जो अपने ईमेल, आपसी बातचीत और कामकाज के लिए पूरी तरह माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं पर निर्भर हैं। अभी तक कंपनी की ओर से साफ नहीं है कि सेवाएं कब तक नॉर्मल हो पाएंगी।