क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि जब आप चार्जर को प्लग में लगाते हैं, तो एक चिंगारी सॉकेट में से निकलती है या हल्की चट की आवाज आती है। ज्यादातर लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं लेकिन कभी न कभी मन में यह सवाल जरूर आता है कि क्या इससे मेरा फोन या चार्जर खराब हो सकता है? ऐसे में जरूरी है कि आप उस हल्की से निकलने वाली चिंगारी के निकलने का कारण साफ-साफ जानते हों और उसे ठीक कैसे करना है ये भी आपको पता हो।
सॉकेट से निकलने वाली चिंगारी की वजह से मेरा एक महंगा चार्जर जब खराब हुआ, तो मेरा ध्यान इस ओर गया। हालांकि इस समस्या को मैने बहुत आसानी से सुलझा भी लिया।
चार्जर लगाने पर क्यों निकलती है चिंगारी?
चार्जर के कई कैपेसिटर्स होते हैं और जब आप उसे सॉकेट में लगाते हैं, तो ये कैपेसिटर्स तेजी से बिजली खींचते हैं। इसे टेक्निकल भाषा में इनरश करंट कहा जाता है।
चार्जर को सॉकेट में लगाने पर जब उसके पिन और सॉकेट के अंदर मौजूद मेटल कॉन्टैक्ट्स से जुड़ने वाले होते हैं, उससे ठीक पहले हवा के बीच से करंट छलांग लगाता है।
इस वजह से नैनो-सेकंड के लिए छोटी सी चिंगारी या स्पार्क दिखाई देता है, जिसे आर्क भी कहते हैं।
खराब हो सकता है चार्जर या फोन?
आमतौर पर ये स्पार्क आपके चार्जन या फोन को नुकसान नहीं पहुंचा सकता। ऐसा इसलिए क्योंकि एडवांस चार्जर्स में इनबिल्ट प्रोटेक्शन सर्किट और वोल्टेज रेगुलेटर मिल जाते हैं।
हालांकि, यहां इस बात का ध्यान रखना भी जरूरी है कि अगर ऐसा सॉकेट के अंदर बड़ा स्पार्क बार-बार हो रहा हो, तो इससे उठने वाला हाई वोल्टेज सर्ज आपके चार्जर के सर्किट को समय से पहले खराब कर सकता है।
इसके अलावा बार-बार होने वाली स्पार्किंग से चार्जर की पिन काली पड़ने लगती है और तो और सॉकेट भी अंदर से जल सकता है।
आसान है बचना
इस परेशानी का समाधान बेहद आसान है। दरअसल मैं जब भी अपने किसी चार्जर को प्लग में लगाता हूं, तो पहले स्विच को ऑफ रखता हूं। जब मैं चार्जर को पूरी तरह से प्लग में बिठा लेता हूं, तो ही स्विच को न करता हूं। ऐसा करने से मुझे चिंगारी वाली समस्या नहीं झेलनी पड़ती।वहीं अगर घर में कोई सॉकेट ढीला हो या किसी सॉकेट में चार्जर ढीला लगता हो, तो उसे जल्द से जल्द ठीक करा लें। इसके अलावा हमेशा ब्रांडेड बीआईएस प्रमाणित चार्जर और अच्छी क्वालिटी के सॉकेट्स का इस्तेमाल करें, ताकि डिवाइस और घर दोनों बिजली के खतरों से सुरक्षित रहें।