क्या आपने कभी गौर किया है कि अलग-अलग केबल और तारों पर छोर पर एक खास तरह का पैटर्न मौजूद होता है। अक्सर लोग इसे डिजाइन भर मानकर इग्नोर कर देते हैं। हालांकि असल में इस पैटर्न का कनेक्शन डिजाइन से नहीं बल्कि केबल की मजबूती से है। कई तारों के प्लग के पीछे भी इस तरह का पैटर्न देखने को मिलता है। असल में इस पैटर्न का काम केबल या तारों को फ्लेक्सिबिलिटी देना होता है। जिन तारों पर यह डिजाइन नहीं होता वे अक्सर आसानी से टूट जाती हैं। इतना ही नहीं, आप उन तारों के लिए इस सपोर्ट सिस्टम को अलग से भी खरीद सकते हैं, जो इस डिजाइन के साथ नहीं आतीं।
डिजाइन नहीं तार का सपोर्ट सिस्टम है ये डिजाइन


केबल या तारों के छोर पर दिखने वाले ये खास तरह कट असल में सपोर्ट सिस्टम का काम करते हैं। जिन तारों पर ये कट नहीं होते वे समय के साथ किनारों से टूट जाती हैं। ऐसा बार-बार एक जगह से मुड़ने की वजह से होता है।

दरअसल किसी भी केबल या तार पर सबसे ज्यादा जोर वहीं पड़ता है, जहां से कनेक्टर तार से जुड़ा होता है। ऐसे में खास तरह का तट वाला पैटर्न उस दबाव को एक बिंदु पर टिकने नहीं देता, जिससे तार या केबल की लाइफ बढ़़ जाती है।


ये पैटर्न न हो, तो क्या होता है?


अगर केबल पर ये खास तरह का पैटर्न न हो, तो आपकी केबल कनेक्टर के ठीक पीछे से आसानी से टूट जाती है। कई सस्ती केबल इस डिजाइन के बिना भी आती हैं और उनके जल्दी खराब होने की एक वजह यह भी रहती है कि तार पर कनेक्टर के पीछे बार-बार मुड़ने की वजह से पड़ने वाले दबाव को झेलने वाला कोई सपोर्ट सिस्टम नहीं होता।

केबल पर प्लास्टिक के इस एक्स्ट्रा पार्ट को न देकर कंपनियां अपनी लागत कुछ कम लेती हैं लेकिन इसका नुकसान यूजर को बार-बार नई केबल खरीदकर उठाना पड़ता है। ऐसे में अगर आप कोई केबल खरीदें, तो हमेशा ऐसी केबल ही खरीदें, जिसके कनेक्टर के पीछे इस तरह का खास डिजाइन या कट बनें हों।


आपकी केबल पर डिजाइन नहीं तो प्रोटेक्टर से लाइफ बढ़ाएं


अगर आपके केबल के कनेक्टर के पीछे इस तरह का ग्रूव डिजाइन नहीं है, तो आप प्रोटेक्टर की मदद से अपने केबल की लाइफ को बढ़ा सकते हैं। इस तरह के प्रोटेक्टर आपको बाजार में 30 से 50 रुपये में मिल जाते हैं। इन्हें केबल प्रोटेक्टर या स्पाइरल कॉर्ड सेवर के नाम से जाना जाता है।

ये सिलिकॉन या हार्ड प्लास्टिक के बने छोटे-छोटे स्पाइरल स्लीव होते हैं, जिन्हें आप केबल के दोनों सिरों पर आसानी से लपेट सकते हैं। इसके अलावा हीट-श्रिंक ट्यूब भी एक बेहतरीन और सस्ता जुगाड़ है, जिसे लाइटर की हल्की आंच दिखाकर तार पर चिपका देने से वह बिल्कुल फैक्ट्री जैसी मजबूती देने लगता है।