चीते की मौत से चर्चा में रहे कूनो नेशनल पार्क के फील्ड डायरेक्टर ने सरकार की तबादला व्यवस्था पर तंज कसा है। उन्होंने IAS, IPS और IFS अधिकारियों की फील्ड पोस्टिंग में घटते कार्यकाल पर कहा- इससे कार्यक्षमता प्रभावित होती है।

आईएफएस उत्तम कुमार शर्मा चार साल से कूनो में पदस्थ हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर दो पेज का स्टेटमेंट पोस्ट किया। इसमें लिखा-बार-बार तबादलों से अधिकारियों की कार्यक्षमता प्रभावित होती है। प्रशासनिक सुधारों के लिए अधिकारियों को लंबा कार्यकाल मिलना जरूरी है।

मौजूदा व्यवस्था में अधिकारी अपने कार्यकाल की अवधि खुद तय नहीं कर सकता। मुरैना में चीता के शिकार के बाद शर्मा की यह तीसरी पोस्ट है। पहली ही पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए वाइल्ड लाइफ एक्टिविस्ट अजय दुबे ने कहा था कि यह निलंबन से बचने की तरकीब ।

एक साल से कम के कार्यकाल में व्यवस्था पर पकड़ मुश्किल


शर्मा ने लिखा कि एक वर्ष से कम का कार्यकाल का संकेत है कि व्यवस्था का संचालन मुख्य रूप से अधीनस्थ अधिकारियों के हाथों में ही बना रहता है। एक से दो वर्ष के बीच अधिकारी धीरे-धीरे व्यवस्था को समझ पाता है और कामकाज उसकी प्राथमिकताओं के अनुरूप होने लगता है। वहीं, दो वर्ष से अधिक का कार्यकाल मिलने पर नए प्रयोग आकार लेते हैं और संस्थागत सुधार संभव हो पाते हैं।

छोटे कार्यकाल में आदर्शवाद की जगह लेती है व्यावहारिकता

उन्होंने लिखा कि सिविल सेवा में आने वाला युवा अधिकारी शुरुआत में आदर्शवाद से प्रेरित होता है। उसके भीतर व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने और गलत चीजों को सुधारने की इच्छा होती है। कम कार्यकाल में व्यवस्था को गहराई से समझने, कमजोरियां पहचानने, सक्षम टीम बनाने और विरोध का सामना करने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता।

शर्मा के मुताबिक, लगातार छोटे कार्यकाल मिलने से धीरे-धीरे आदर्शवाद की जगह व्यावहारिकता लेने लगती है। अधिकारी का ध्यान व्यवस्था को बदलने के बजाय उसे किसी तरह सुचारू रूप से चलाए रखने पर केंद्रित हो जाता है।


कुछ अफसरों ने बड़े ऐलान कर छवि बनाने की कला सीख ली

उत्तम शर्मा ने कुछ अधिकारियों की कार्यशैली पर भी तंज कसा। उन्होंने लिखा कि कुछ अधिकारियों ने इस कला में महारत हासिल कर ली है। वे जानते हैं कि उनका कार्यकाल छोटा हो सकता है, इसलिए शुरुआत बड़े ऐलान, महत्वाकांक्षी वादों और क्रांतिकारी भाषणों से करते हैं। उन्हें यह भी पता होता है कि शायद वे इतने लंबे समय तक पद पर नहीं रहेंगे कि घोषणाओं के क्रियान्वयन का जवाब देना पड़े।

ऐसे में एक दूरदर्शी और परिवर्तनकारी अधिकारी की छवि बन जाती है। अधूरे कामों का दोष अपनी योजनाओं को परिणामों में नहीं बदल पाने के बजाय समय से पहले हुए तबादले पर डाल दिया जाता है।

लंबा कार्यकाल सुशासन की गारंटी नहीं, लेकिन बदलाव का मौका

शर्मा ने लिखा कि लंबा कार्यकाल सुशासन की गारंटी नहीं देता। अधिकारी की नीयत, ईमानदारी, योग्यता और दृढ़ता ही तय करती है कि वह क्या हासिल कर पाएगा। हालांकि, निरंतरता मिलने पर अधिकारी व्यवस्था को गहराई से समझ सकता है, सहकर्मियों का विश्वास हासिल कर सकता है और सुधारों को उनके तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचा सकता है।

उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारियों को अपेक्षाकृत लंबा कार्यकाल मिलता है, कभी-कभी बार-बार भी। यह परिस्थितियों का परिणाम है, प्रशासनिक निर्णय है या कोई अन्य कारण, यह अलग विषय है, लेकिन कुछ ही अधिकारियों को यह अवसर मिल पाता है।


शर्मा ने इसे अपना निजी विचार बताया

शर्मा ने ये अपने निजी विचार बताते हुए लिखा है कि कुछ दिन पहले वे इस विषय पर हुई एक चर्चा में शामिल हुए थे कि नौकरशाहों का कार्यकाल व्यवस्था में सार्थक बदलाव लाने की उनकी क्षमता को किस तरह प्रभावित करता है। उन्होंने अपने विचारों और अनुभवों को 'द वैल्यू ऑफ टेन्योर: कैन अ ब्यूरोक्रेट चेंज द सिस्टम?' (कार्यकाल का महत्व: क्या एक नौकरशाह व्यवस्था बदल सकता है?) शीर्षक वाले लेख में प्रस्तुत किया है।

पिछले दिनों छह माह में हटाए गए अफसर

प्रदेश में कलेक्टर और एसपी के छोटे कार्यकाल के कई उदाहरण सामने आए हैं। सागर में कलेक्टर रहीं प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया करीब छह महीने ही इस पद पर रह पाए। सागर के कलेक्टर रहे दिलीप कुमार यादव का भी एक साल के भीतर दो बार तबादला हुआ।

वे इंदौर नगर निगम और राज्य पर्यटन बोर्ड में पदस्थ रहे। वहीं, बालाघाट के कलेक्टर रहे कुमार करीब सवा दो महीने ही इस पद पर रह पाए। अब उन्हें हरदा का कलेक्टर बनाया गया है। ऐसे कई मामले हैं, जिनमें कलेक्टर और एसपी एक साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए और उनका तबादला कर दिया गया।

छह साल से ग्वालियर-चंबल संभाग में पदस्थ हैं शर्मा

1999 बैच के IFS अधिकारी उत्तम कुमार शर्मा की पिछले 10 साल की पोस्टिंग पर नजर डालें तो सितंबर 2015 से सितंबर 2020 तक वे देहरादून में पदस्थ रहे। इसके बाद 28 सितंबर 2020 से 1 सितंबर 2022 तक पन्ना टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाली। 1 सितंबर 2022 को सरकार ने उन्हें लायन प्रोजेक्ट शिवपुरी में CCF पदस्थ किया। वर्तमान में वे APCCF के पद पर कूनो नेशनल पार्क के फील्ड डायरेक्टर के रूप में काम कर रहे हैं। इस तरह सितंबर 2022 से वे ग्वालियर-चंबल संभाग में पदस्थ हैं और करीब चार साल से कूनो की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

ग्रामीणों ने किया था शिकार, दो गिरफ्तार हुए

19 महीने का नर चीता KNG22 25 अक्टूबर को श्योपुर वन मंडल के कक्ष क्रमांक-748 में घायल मिला था। कूनो में प्रारंभिक इलाज के बाद उसे जबलपुर के वेटरनरी कॉलेज की वाइल्ड लाइफ इकाई में शिफ्ट किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इलाज के दौरान ही उसके शरीर से बारहबोर के पांच छर्रे निकले थे। इस मामले की जांच के लिए गठित एसटीएफ ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने कबूल किया है कि उन्होंने ही चीते का शिकार किया है।


कूनो नेशनल पार्क में 19 माह के नर चीते KNG22 की गोली लगने से हुई मौत के बाद अब वन विभाग के अधिकारियों और वन्यजीव कार्यकर्ताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। कूनो के फील्ड डायरेक्टर उत्तम शर्मा ने चीते की मौत पर भावुक पोस्ट करते हुए इसे दिल तोड़ने वाली घटना बताया।