ट्रंप और नेतन्याहू ईरानियों के हत्यारे, अमेरिका और इजरायल पर भड़के ईरान के नेशनल सिक्योरिटी चीफ
Updated on
14-01-2026 01:46 PM
तेहरान: ईरान में खामेनेई शासन के खिलाफ जारी भारी विरोध प्रदर्शनों के बीच देश के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी ने अमेरिका और इजरायल पर हमला बोला है। लारीजानी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को ईरान के लोगों का मुख्य हत्यारा कहा है। पूरे ईरान में हो रहे इन प्रदर्शनों में अब तक कम से कम 2400 लोग मारे जा चुके हैं, जबकि हजारों लोगों को गिरफ्तार किया गया है। लारीजानी की यह टिप्पणी डोनाल्ड ट्रंप के ईरानियों से सरकारी संस्थानों पर कब्जा करने की अपील के घंटों बाद आई है।ट्रंप और नेतन्याहू पर सीधा हमला
ईरान की संसद के पूर्व स्पीकर और अब ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारीजानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट के जरिए ट्रंप पर सीधा हमला बोला। लारीजानी ने लिखा, 'हम ईरान के लोगों के मुख्य हत्यारों के नाम बताते हैं। 1- ट्रंप। 2- नेतन्याहू।'इसके साथ ही लारीजानी ने ट्रंप के ट्रुथ सोशल पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर किया है, जिसमें ट्रंप ने ईरानियों ने संस्थाओं पर कब्जा करने की अपील की है। ट्रंप ने ईरानी लोगों से आगे कहा कि वे हत्यारों और उत्पीड़नकर्ताओं के नाम लिख लें। उन्हें बड़ी कीमत चुकानी होगी। इसके साथ ही ट्रंप ने बताया कि उन्होंने 'ईरानी अधिकारियों के साथ सभी बैठकें रद्द कर दी हैं, जब तक प्रदर्शनकारियों की हत्याएं नहीं रुकती हैं। मदद आ रही है।'