तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून, 15 जून तक मध्य प्रदेश में देगा दस्तक, भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश

Updated on 08-06-2026 02:25 PM
भोपाल। केरल तट पर तीन दिन की देरी से पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि मौजूदा रफ्तार बनी रही तो मानसून 15 जून तक मध्य प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर सकता है। फिलहाल प्रदेश के अधिकांश जिले प्री-मानसून गतिविधियों के प्रभाव से बारिश और तेज हवाओं का सामना कर रहे हैं।

तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई

शनिवार रात हुई बारिश के कारण राजधानी भोपाल के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। रविवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.8 डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून रविवार तक केरल, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका था।

भोपाल मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी बीएस यादव के अनुसार, मानसून की वर्तमान गति को देखते हुए इसके 15 जून तक मध्य प्रदेश पहुंचने की संभावना है। यह प्रदेश में मानसून आगमन का सामान्य समय माना जाता है। इससे पहले मानसून के 20 से 22 जून के बीच पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा था।

कई जिलों में हुई बारिश

शनिवार रात से रविवार सुबह तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में वर्षा दर्ज की गई। नर्मदापुरम में सर्वाधिक 20.6 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा भोपाल में 11.6 मिलीमीटर, राजगढ़ में 3.0 मिलीमीटर, रायसेन में 2.0 मिलीमीटर, उमरिया में 2.6 मिलीमीटर और जबलपुर में 1.0 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में अधिकतम तापमान 35.8 से 41.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.0 से 29.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वहीं पूर्वी इलाकों में गर्मी का असर बना रहा। खजुराहो 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि नौगांव में तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कई जिलों में चली तेज हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार हरदा, सीहोर, देवास और खंडवा में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। वहीं इंदौर, भोपाल, उज्जैन, सागर और नर्मदापुरम सहित कई जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का दौर रहा।

अगले चार दिन बढ़ सकता है तापमान

मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को प्रदेश के निचले पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मौसम सक्रिय रह सकता है, जबकि अन्य संभागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। आगामी चार दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 08 September 2026
भोपाल, 15 जून से शुरू हुई नोटिस-सीलिंग और पंचनामा की कार्रवाई अब बेअसर होती दिख रही है। नगर निगम के अफसर पंचनामा बनाने के बाद प्रतिष्ठानों की ओर दोबारा देखना तक…
 08 September 2026
भोपाल, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल की नसीहत का असर दिखने लगा है। रविवार शाम को भाजपा जिलाध्यक्ष रवींद्र यति ने भोपाल जिले की जिला कार्यसमिति की…
 08 September 2026
भोपाल, एलएनसीटी यूनिवर्सिटी, भोपाल में ‘रूमा समिट 2026’ का आयोजन किया गया। एलएनसीटी ऑडिटोरियम में हुए इस सम्मेलन में देशभर से आए विशेषज्ञों ने रूमेटोलॉजी से जुड़ी बीमारियों की पहचान और…
 08 September 2026
भोपाल, सागर में जहरीली शराब से हुई 20 से अधिक मौतों के बाद आबकारी विभाग ने अब अवैध शराब के साथ-साथ इसके निर्माण और परिवहन से जुड़े नेटवर्क पर लगातार निगरानी…
 08 September 2026
भोपाल, राजधानी में सेंट्रल जीएसटी (CGST) ने जिम 365 डिग्री के पांच ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक करोड़ रुपए से ज्यादा की टैक्स चोरी सामने आई है। टीम…
 08 September 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश अब निवेश, उद्योग और रोजगार के नए केंद्र के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। प्रदेश में निवेश…
 08 September 2026
भोपाल। आयुष्मान योजना में संबद्ध निजी अस्पतालों की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर के अनुबंधित अस्पताल मेडिसिन के पैकेज में रोगियों का उपचार तभी कर…
 08 September 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश में राजनीतिक संरक्षण में आबकारी अधिकारी, पुलिस और शराब ठेकेदारों के गठजोड़ के कारण लाइसेंसी ठेका दुकानों से जहरीली और घटिया शराब की बिक्री बढ़ी है। शराब…
 08 September 2026
भोपाल। अशोकनगर जिले के चंदेरी में चार युवाओं से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 9.80 लाख रुपये और मूल दस्तावेज ठगने के मामले में गिरफ्तार 30 वर्षीय तृप्ति…
Advt.