
इन्दौर । इन्दौर पुलिस ने 6 ऐसे आरोपियों को पकड़ा है, जो अब तक 'कच्ची दारू' बनाकर बेचने के धंधे में लिप्त थे, लेकिन ज्यादा मुनाफे के चक्कर में स्प्रीट से 'नकली शराब' बनाने का गौरखधंधा जल्द ही शुरू करने वाले थे। आरोपियों के पास से 50 लीटर 'कच्ची दारू' के साथ ही देशी मदिरा (प्लेन व मसाला) के 65 क्वाटर और लायसेंसी दुकानों पर मिलने वाली मदिरा की बोतलों के '3000 ढक्कन' जब्त किये गये है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ज़ोन-1) जयवीर सिंह भदौरिया के अनुसार तेजाजी नगर पुलिस द्वारा पकड़े गये 6 आरोपियों के नाम राहुल गौड़, आमीन , इरफान, अमजद, कैलाश, बसंत गौड़ उर्फ बंटी बताये गये है। इनमें आमीन, इरफान व अमजद बड़वाह और राहुल गौड़, कैलाश व बंटी गौड़ इन्दौर के रहने वाले है, जो मिलकर इन्दौर में अवैध कच्ची शराब बेचने का काम करते थे। मूखबीर के जरिये इनकी प्लानिंग की जानकारी पुलिस को लगी, कि कैसे ये लोग स्प्रिट से अवैध नकली शराब की बोतल तैयार इन्दौर शहर में बेचेंगे, ताकि उन्हें अधिक मुनाफा हो।
प्लानिंग के तहत गुरूवार को सभी आरोपी खंडवा रोड़ पर पुराने टोल नाके पास मिलने वाले थे, लेकिन मूखबिर की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने इन्हें 'नकली शराब' और पैकिंग मटेरियल (खाली बोतल व ढक्कन आदि) के साथ धरदबोचा। तेजाजी नगर थाने में इनके विरूद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत जुर्म दर्ज किया। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है।