
भुवनेश्वर । भारतीय महिला हॉकी टीम ने प्रो हॉकी टीम के दूसरे चरण के अपने दूसरे मुकाबले में मेहमान टीम जर्मनी को पेनल्टी शूट आउट में 3-0 से हरा दिया।
इस मैच में जर्मनी की फेलिसिया वीडरमैन ने 29वें मिनट में ही एक गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। इसके बाद भारतीय टीम की ओर से निशा ने 40वें मिनट में एक गोलकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं रही और मुकाबला पैनाल्टी शूट आउट में चला गया।
इसमें भारत की तरफ से संगीता कुमारी, सलीमा टेटे और सोनिका ने गोल किया जबकि जर्मनी की ओर से खेल खिलाड़ी गोल नहीं मार सकी। इससे भारतीय टीम को जीत मिल गयी।
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने पहले मैच में जर्मनी के हाथों मिली 2-1 की हार का हिसाब भी बराबर कर लिया। भारतीय टीम को इस जीत के साथ ही बोनस अंक भी मिला है।