डॉग पॉलिसी लागू होने के बाद भी एक्शन नहीं
दरअसल, सेक्टर और सोसायटियों में कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। ऐसे में ग्रेटर नोएडा अथोरिटी ने कुत्तों की बढ़ती समस्या को देखते हुए डॉगपोलिसी बनाकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए थे। हाल ही में कुत्तों से जुड़े मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट ने भी कई एडवाइजरी जारी की थी। साथ ही, इनका पालन सख्ती से कराने के लिए आदेश दिए थे। हालांकि, इस डॉग पॉलिसी का पालन नहीं हो रहा है, जिससे निवासी परेशान हो गए हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसायटियों में आए दिन कुत्ते के काटने और विवाद की घटना हो रही है, लेकिन जिम्मेदार अफसर अनजान बने हुए हैं।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पाम ओलम्पिया सोसायटी के एओए पदाधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि डॉग पालिसी सिर्फ दिखावे की रह गई है, जिन अधिकारियों ने नियम बनाए है, वे पॉलिसी से जुड़े नियमों का पालन करने में असफल साबित हुए है। नियम बने हुए काफी समय बीत गया है, लेकिन सोसायटियों में कुत्तों के हमले या दूसरे विवादों की समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासी अभिषेक वैश्य ने बताया कि परिसर में आए दिन आवारा कुत्तों के काटने की घटना हो रही है। सोसायटियों में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ रही है। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोग चिंतित हैं। आरोप है कि परिसर के अंदर ही फीडिंग पॉइंट बनाने का फरमान जारी कर दिया गया है, जो ठीक नहीं है।



