
रियाद । सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एक तेलशोधन संयंत्र पर ड्रोन से हमला किया गया, जिससे वहां मामूली आग लग गई। हालांकि, इससे कोई नुकसान नहीं हुआ और ना ही आपूर्ति प्रभावित हुई है। ऊर्जा मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बयान में ड्रोन हमला कहा से किया गया, इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी।
हमले की अभी तक किसी ने जिम्मेदारी भी नहीं ली है। देश के तेल प्रतिष्ठानों पर यमन के हूती विद्रोहियों ने पहले भी कई हमले किए हैं। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने 2019 में पूर्वी प्रांत में अब कैक तेल प्रसंस्करण प्रतिष्ठान पर हुए एक भीषण हमले की जिम्मेदारी भी ली थी। यहां कि एक सरकारी प्रेस एजेंसी ने मंत्रालय का बयान गुरुवार को देर रात जारी किया। हमला गुरुवार सुबह किया गया था।
मंत्रालय ने कहा कि इस तरह के हमले न केवल सऊदी अरब को निशाना बनाते हैं, बल्कि दुनिया में ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा एवं स्थिरता को भी प्रभावित करते हैं। गौरतलब है कि सऊदी अरब, यमन की राजधानी सना में 2015 से हूती विद्रोहियों का मुकाबला कर रहा है, जिन्होंने राजधानी पर कब्जा कर वहां की सरकार को बेदखल कर दिया था। सात साल की लड़ाई के बावजूद सना और उत्तरी यमन के अधिकांश हिस्सों पर हूती विद्रोहियों का कब्जा कायम है।