बिलासपुर विमान हादसा, टायर फटने से 3 पहिए लॉक हुए:केबिन में फैली जलने की गंध

Updated on 31-08-2026 12:38 PM
बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट पर दिल्ली की अलायंस एयर की फ्लाइट 9I613 (VT-UDA) का टायर फटने से बड़ा हादसा टल गया। विमान रनवे पर रुक गया, वरना खेत की ओर जाने पर बड़ा हादसा हो सकता था। फ्लाइट में सवार एक यात्री ने बताया कि लैंडिंग के दौरान विमान को जोरदार झटका लगा।

इसके बाद कुछ ही सेकेंड में जलने की गंध आने लगी। इससे यात्रियों में दहशत फैल गई। फिलहाल DGCA (Directorate General of Civil Aviation) की टीम मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया कि एक टायर फटने के साथ बाकी 3 टायर भी लॉक हो गए थे।

हालांकि, DGCA अब यह पता लगाने में जुटी हुई है कि आखिर लैंडिंग के दौरान विमान का टायर कैसे फटा और हादसे की असली वजह क्या थी।

लैंडिंग के दौरान लगा जोरदार झटका

दरअसल, शुक्रवार को दिल्ली से बिलासपुर आई फ्लाइट में खपरगंज निवासी एडवोकेट प्रकाश तिवारी भी सवार थे। उन्होंने बताया कि दिल्ली से उड़ान भरने के बाद सब कुछ सामान्य था। बिलासपुर पहुंचने से पहले जैसे ही विमान रनवे पर उतरा, यात्रियों को जोरदार झटका लगा।

लैंडिंग सामान्य नहीं लगी, जिससे सभी घबरा गए। कुछ सेकेंड बाद विमान के अंदर जलने की गंध आने लगी। यात्रियों को लगा कि कहीं आग तो नहीं लग गई।

घबराए यात्रियों में मची अफरा-तफरी

इस दौरान यात्रियों को लगा कि विमान हादसे का शिकार हो गया है, जिससे अफरा-तफरी मच गई। विमान से उतरने के बाद भी सभी यात्री घबराए हुए थे। विमान रनवे पर खेत के किनारे खड़ा था। उसका टायर फट गया था और व्हील का एक्सल भी टूट गया था।

असामान्य थी फ्लाइट की लैंडिंग

एडवोकेट ने बताया कि आमतौर पर विमान की लैंडिंग इस तरह नहीं होती। यह पूरी तरह असामान्य लैंडिंग थी। रनवे पर उतरते ही विमान में जोरदार झटका लगा और धमाके जैसी आवाज आई, जिससे यात्री घबरा गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री को नुकसान नहीं हुआ।

DGCA की 9 सदस्यीय टीम कर रही जांच

विमान हादसे की जांच DGCA की 9 सदस्यीय टीम कर रही है। टीम के सदस्य शनिवार को बिलासपुर पहुंचे थे। इसके बाद रविवार को एयरपोर्ट पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान टीम ने पाया कि लैंडिंग के समय एक टायर फटने के अलावा विमान के तीन अन्य पहिए भी लॉक हो गए थे।

हादसे की विस्तार से ली जानकारी

DGCA के अधिकारी धीरज कुमार ने एयरपोर्ट प्रबंधन के साथ चर्चा की। इस दौरान अलायंस एयर के 7 इंजीनियर भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि विमान के पहिए की रिपेयरिंग का काम चल रहा है। टीम ने हादसे से जुड़े लोगों से घटना की पूरी जानकारी ली और फ्लाइट के संबंध में भी पूछताछ की।

रनवे का की जांच, जहां फ्लाइट रुकी वहां भी पहुंचे

इसके बाद DGCA की टीम सीधे एप्रन पहुंची, जहां क्षतिग्रस्त विमान को रनवे से हटाकर रखा गया है। टीम ने टायर के अलावा विमान के अन्य हिस्सों की भी जांच की।

अधिकारियों ने विमान की तकनीकी स्थिति, मेंटेनेंस रिकॉर्ड और संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी ली। विमान की जांच के बाद टीम प्रबंधन के अधिकारियों के साथ रनवे पर पहुंची और उस जगह का निरीक्षण किया, जहां विमान आकर रुका था।

प्रयागराज से पहुंची फ्लाइट

पूरे रनवे का निरीक्षण करने के बाद DGCA की टीम ने इसे विमान संचालन के लिए सुरक्षित बताया। इसके बाद प्रयागराज से आने वाली फ्लाइट को बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। यही फ्लाइट शाम को बिलासपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुई।

रिपेयरिंग में दिक्कत, दिल्ली ले जाने की तैयारी

डैमेज फ्लाइट की रिपेयरिंग में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। दरअसल, जरूरी उपकरण बिलासपुर तक लाने में परेशानी हो रही है। यही वजह है कि अलायंस एयर विमान की ऐसी मरम्मत करना चाहती है, जिससे वह सुरक्षित तरीके से दिल्ली तक उड़ान भर सके।

दिल्ली पहुंचने के बाद विमान को वर्कशॉप में पूरी तरह रिपेयर किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर खराब उपकरणों को भी वहां आसानी से बदला जा सकेगा।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 05 September 2026
रायपुर। लंबे समय से नियमितीकरण का इंतजार कर रहे छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में लंबे समय से कार्यरत 3,630 कर्मचारियों को…
 05 September 2026
रायपुर।उफनती नदियों में फंसे लोगों और ग्रामीणों के सुरक्षित रेस्क्यू के कई ऐसे मामले सामने आए हैं जहाँ प्रशासन, सेना और एसडीआरएफ (SDERF/SdRF) की टीमों ने जान जोखिम में डालकर…
 05 September 2026
रायपुर।डॉ. भीमराव ओपन थिएटर खेल मैदान, घंटाघर कोरबा में सर्व यादव समाज द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित भव्य शोभायात्रा एवं रैली में मुख्य अतिथि के तौर पर…
 05 September 2026
रायपुर।वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ में वन्यजीवों की सुरक्षा और अवैध शिकार पर रोक लगाने के लिए वन विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा…
 05 September 2026
रायपुर।प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास को नई गति मिल रही है। इसी क्रम में रायगढ़…
 05 September 2026
जशपुरनगर। राज्य स्तरीय जनसंपर्क अधिकारियों एवं सोशल मीडिया समन्वयकों की समीक्षा बैठक का आयोजन रायपुर में किया गया। बैठक में विभिन्न जिलों से आए सोशल मीडिया समन्वयकों को सोशल मीडिया…
 05 September 2026
सूरजपुर। जल संरक्षण के क्षेत्र में सूरजपुर जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देश में चौथा स्थान और छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जल…
 05 September 2026
उत्तर बस्तर कांकेर। जिले के दुर्गूकोंदल विकासखंड के ग्राम सोनपाल के पास से बहने वाले नाले में पुल नहीं होने के कारण बरसात के मौसम में ग्रामीणों को होने वाली…
 05 September 2026
सूरजपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर 2026 को रायपुर स्थित राजभवन में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में सूरजपुर जिले के दो शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार से…
Advt.