कटनी के बरगवां में एलआईसी के पास किसना ज्वेलर्स शोरूम से करीब 12 करोड़ रुपए की सोने और हीरे की ज्वेलरी चोरी हो गई। चोर शोरूम के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुसे और डिस्प्ले काउंटर व तिजोरियों में रखा जेवर समेट ले गए।
चोरी का पता गुरुवार सुबह करीब 11 बजे चला, जब संचालक मोहन बजाज ने शोरूम खोला। अंदर सामान बिखरा हुआ था और काउंटर व तिजोरियां खाली थीं।
मोहन बजाज के मुताबिक, दिवाली के चलते शोरूम में ज्वेलरी का अतिरिक्त स्टॉक रखा था। चोर करीब 12 करोड़ रुपए के सोने और हीरे के जेवर ले गए हैं।
सुबह 4 से 7 बजे के बीच चोरी की आशंका
एसपी अभिनव विश्वकर्मा ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में चोरी 12 नवंबर की सुबह 4 से 7 बजे के बीच होने का अनुमान है। चोर दीवार में सेंध लगाकर शोरूम में दाखिल हुए। सेफ और डिस्प्ले काउंटरों को निशाना बनाया।
सभी आभूषणों का इंश्योरेंस कराया था
वहीं, किसना ज्वेलर्स के संचालक मोहन बजाज ने बताया कि शोरूम इसी साल जून में शुरू किया गया था। यहां रखे सभी आभूषणों का बीमा भी कराया गया था।
पहाड़ी से ऑक्सीजन सिलेंडर और गैस कटर बरामद
एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि पुलिस को लाल पहाड़ी से एक ऑक्सीजन सिलेंडर, एक घरेलू गैस सिलेंडर (चूल्हा), गैस कटर, पानी की कुछ खाली बोतलें, तीन पेचकस, पाना और कुछ कपड़े मिले हैं। इन सामानों के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि घटना के दौरान सुरक्षा में तैनात गार्ड भागवत तिवारी को थाने लाया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। चोरों की तलाश के लिए जांच टीमें गठित कर उन्हें अलग-अलग दिशाओं में रवाना किया गया है।
सीसीटीवी फुटेज और फिंगरप्रिंट की जांच
पुलिस ने शोरूम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लिया है। आसपास के रास्तों और प्रमुख स्थानों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों के आने और भागने का रास्ता पता चल सके।
फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें बनाई हैं। पुलिस का स्निफर डॉग शोरूम से निकलने के बाद लाल पहाड़ी की तरफ गया।
दो साल पहले घटना स्थल से ठीक 200 मीटर दूर बदमाश एसबीआई की एटीएम मशीन उखाड़ कर ले गए थे।